Home उत्तर प्रदेश मटर की बुवाई को दृष्टिगत रखते हुए 22 सितम्बर से समितियों पर...

मटर की बुवाई को दृष्टिगत रखते हुए 22 सितम्बर से समितियों पर निरंतर होगा डीएपी खाद का वितरण

किसानों को आसानी से मिलेगा उर्वरक: जिलाधिकारी

JALAUN NEWS: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने वर्चुअल बैठक कर उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, जिला कृषि अधिकारी एवं पीसीएफ के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी मटर की बुवाई को दृष्टिगत रखते हुए 22 सितम्बर को जनपद की सभी सहकारी समितियों पर डीएपी खाद वितरण सुनिश्चित किया जाए। समितियों पर खाद का पर्याप्त भंडारण निरंतर सुनिश्चित रहे तथा सचिव किसानों को उनकी जोत के अनुसार ही उर्वरक उपलब्ध कराएं। कृषि अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे रिटेल दुकानदारों पर निगरानी रखें, रेट सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराएं और किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही खाद उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में डीएपी खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। एआर कोऑपरेटिव ने जानकारी दी कि रविवार को जनपद को 2600 मीट्रिक टन इफको की खाद प्राप्त होगी, जिसे सीधे सहकारी समितियों पर भेजा जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत न हो। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो, ताकि आगामी रबी सीजन विशेषकर मटर की बुवाई बिना किसी बाधा के सम्पन्न हो सके।