Home उत्तर प्रदेश मछुआरा स्वाभिमान सम्मेलन सम्पन्न

मछुआरा स्वाभिमान सम्मेलन सम्पन्न

समाज बिचौलियों से दूर रहे : जय प्रकाश निषाद

JALAUN NEWS: शहर के आकांक्षा रिसोर्ट में रविवार को मछुआरा स्वाभिमान सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। हजारों की संख्या में जुटे समाज के लोगों ने “ॐ नमः शिवाय, हर हर महादेव, जय निषादराज, जय गंगा मैया” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। यह आयोजन मछुआरा समाज के अधिकार और स्वाभिमान की गूंज बना। सम्मेलन में पूर्व राज्यसभा सांसद जय प्रकाश निषाद ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को मां गंगा का बेटा कहते हैं, तो समाज के टुकड़ों पर पलने वाला कोई नेता खुद को मछुआरों का गॉडफादर नहीं कह सकता। यह समाज की मेहनत और त्याग का अपमान है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाज को बिचौलियों से दूर रहना होगा। वक्ताओं ने वंशवाद और भ्रष्टाचार पर खुला हमला बोला। कहा कि समाज के नाम पर बनी कई पार्टियां परिवार की राजनीति और भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई हैं, जबकि भाजपा में कार्यकर्ताओं और समाज की ताक़त से निर्णय होते हैं। मोदी-योगी सरकार की योजनाओं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, गंगा सफाई, घाटों का सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास को समाज के उत्थान का उदाहरण बताया गया। युवाओं से कहा गया कि अब समय है नाव और जाल से आगे बढ़कर किताब और कलम उठाने का। डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और नेता बनकर अपनी आवाज़ खुद बुलंद करनी होगी। शिक्षा और समर्पण से ही समाज अपनी नई पहचान बना सकता है। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि काम करने वाले अपने कार्य से पहचाने जाते हैं, जबकि ढोंग करने वालों की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलती। सच्चाई की लौ हर अंधेरे को मिटा देती है। अंत में समाज ने संकल्प लिया कि अब मछुआरा समाज परिवारवादी और झूठे नेताओं के बहकावे में नहीं आएगा, बल्कि सीधे प्राणिधित्व की मांग करेगा और भाजपा के नेतृत्व में संगठित होकर संघर्ष करेगा। शीघ्र ही नीति निर्माण और हितों के लिए नई बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम आयोजक व जिला पंचायत सदस्य इंजीनियर रणविजय निषाद ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज को जागरूक और एकजुट करना है। समाज में शिक्षा को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता है। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी ने की। इस अवसर पर प्रधान ब्रजेश निषाद, महेंद्र निषाद, अमित रायकवार, रामसहोदर चिनौट, अभिषेक निषाद, श्यामकिशोर निषाद, अतुल निषाद सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।