SIDHARTHNAGAR NEWS: बढ़नी नगर पंचायत के अध्यक्ष भाजपा नेता सुनील अग्रहरि ने बढ़नी बाजार के वार्ड नंबर 11 मु० पुलिस चौकी में स्थित एक प्राचीन मंदिर को तोड़ने के प्रयास का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए बुधवार को उप-जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र दिया है।
नगर अध्यक्ष ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति द्वारा जेसीबी लगाकर मंदिर को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह मंदिर बहुत प्राचीन है और हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। इससे स्थानीय समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं। अग्रहरि के अनुसार, इस तरह के प्रयासों से हिंदुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं और क्षेत्र का सद्भाव बिगड़ सकता है। उन्होंने एसडीएम से अनुरोध किया है कि मंदिर को तोड़ने से रोका जाए और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि इलाके में शांति और व्यवस्था बनी रहे। इस मामले पर उप-जिलाधिकारी शोहरतगढ़ विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि उन्हें इस संबंध में एक पत्र मिला है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बिना कोर्ट के आदेश के मंदिर को कोई क्षति नहीं पहुंचाई जाएगी और यथास्थिति कायम रहेगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।







