PRATAPGARH NEWS: जनपद के कांधरपुर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पूर्व प्रधान मुन्ना लाल वर्मा की भैंस के अचानक बदले व्यवहार ने पूरे परिवार और आसपास के लोगों को चिंता में डाल दिया है। जानकारी के अनुसार, पिछले तीन दिनों से भैंस में असामान्य लक्षण देखने को मिल रहे हैं। भैंस ने पानी पीना लगभग बंद कर दिया है और चारा भी नहीं खा रही है। इसके साथ ही वह अजीब तरह की आवाजें निकाल रही है, जिससे पशु मालिक काफी परेशान हो गए। स्थिति गंभीर होते देख भैंस मालिक ने पशु चिकित्सक को बुलाया। जांच के बाद डॉक्टर ने आशंका जताई कि भैंस में रेबीज (Rabies) के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। डॉक्टर के अनुसार, इस तरह के लक्षण आमतौर पर किसी संक्रमित जानवर के काटने के बाद विकसित होते हैं। मामले के सामने आने के बाद गांव में भय का माहौल है। पशु चिकित्सकों ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने, भैंस के संपर्क में आने से बचने और अन्य पशुओं को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। स्थानीय प्रशासन और पशुपालन विभाग को भी मामले की सूचना दे दी गई है, ताकि आवश्यक कदम उठाए जा सकें और संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।







