राजनीतिक प्रबंधन, सोशल मीडिया और अभियान प्रबंधन पर विशेषज्ञों ने दी अहम जानकारियां
JHANSI NEWS: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के भास्कर जनसंचार एवं पत्रकारिता संस्थान द्वारा “राजनीतिक प्रबंधन, सोशल मीडिया और अभियान प्रबंधन योजना” विषय पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला का विधिवत उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पत्रकारिता विभाग के पूर्व छात्र सुमित नायक, सीईओ, अरुणा पॉलिटिक्स एवं सह-संस्थापक, पीपल कनेक्ट टेक्नोलॉजीज ने छात्रों को बताया कि कैसे आज की राजनीति में डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया का प्रभाव निर्णायक होता जा रहा है। उन्होंने छात्रों को अभियान की रणनीति, जनसंपर्क, डेटा विश्लेषण तथा डिजिटल कैम्पेनिंग के आधुनिक तरीकों से अवगत कराया। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि एक प्रभावी राजनीतिक अभियान के लिए सही समय पर सही माध्यम से जनता तक संदेश पहुंचाना कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तकनीकी समझ और ग्राउंड-लेवल रणनीति के समन्वय से चुनावी सफलता की राह आसान होती है। इस अवसर पर संस्थान के समन्वयक डॉ. कौशल त्रिपाठी ने अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि यह कार्यशाला विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि आगामी दो दिनों में राजनीतिक विश्लेषण, डिजिटल टूल्स, सोशल मीडिया प्रबंधन तथा जनमत निर्माण की तकनीकों पर विशेषज्ञ व्याख्यान और प्रायोगिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर डॉ राघवेंद्र दीक्षित, डॉक्टर अभिषेक कुमार, गोविंद यादव, अतीत विजय, बृजेश परिहार, देवेंद्र सिंह ऋषि विजय एवं पत्रकारिता के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।







