Home उत्तर प्रदेश भाकियू (टिकैत) की बैठक में स्मार्ट मीटर का विरोध, दुर्गेश पांडेय बने...

भाकियू (टिकैत) की बैठक में स्मार्ट मीटर का विरोध, दुर्गेश पांडेय बने युवा जिला उपाध्यक्ष

नहर कॉलोनी में हुई मासिक बैठक, गेहूं खरीद केंद्र बढ़ाने की उठी मांग
FATEHPUR NEWS:  नहर कॉलोनी में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मधुसूदन तिवारी एवं युवा जिलाध्यक्ष कालू सिंह मंडासराय ने संयुक्त रूप से की।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार के तहत दुर्गेश कुमार पांडेय को युवा जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस अवसर पर उन्हें फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मधुसूदन तिवारी ने बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से किसानों और मजदूरों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन इस मुद्दे पर आंदोलन की रणनीति तैयार करेगा। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित यादव ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि गेहूं खरीद के लिए प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर क्रय केंद्र खोले जाने चाहिए, ताकि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके और उन्हें अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया। इस मौके पर राजू सिंह, पुत्तन मिश्रा, मीना सिंह, विजय सिंह, रमाशंकर शुक्ला, गुड्डू यादव सहित अन्य किसान मौजूद रहे।