Home उत्तर प्रदेश भाकपा ने शताब्दी वर्ष समारोह मनाया, रैली और सभा में याद किया...

भाकपा ने शताब्दी वर्ष समारोह मनाया, रैली और सभा में याद किया 100 साल का संघर्ष

FATEHPUR NEWS: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने खागा के गौरव मैरिज लॉन में अपने शताब्दी वर्ष का भव्य समारोह मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत डाक बंगला खागा से रैली के साथ हुई, जो नारेबाजी के साथ गौरव पार्टी लान पहुंची और सभा में तब्दील हो गई। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा के राज्य सचिव अरविंद राज स्वरूप ने पार्टी के 100 साल के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पार्टी ने किसानों, मजदूरों, नौजवानों, छात्रों और लेखकों के हक और अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने जमींदारी उन्मूलन, भूमिहीनों को जमीन आवंटन, आवासहीनों को आवास, बैंक और खानों का राष्ट्रीयकरण और विभिन्न जनहितकारी योजनाओं में भाकपा के योगदान को याद किया। मुख्य अतिथि अरविंद राज स्वरूप ने कहा कि वर्तमान में देश में भाजपा की सरकार जन विरोधी नीतियों को लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन नीतियों के खिलाफ लगातार संघर्ष जारी रखेगी। सभा में राष्ट्रीय परिषद सदस्य रामचंद्र सरस, वरिष्ठ नेता नरोत्तम सिंह, जगरूप भार्गव, राधे रमण पांडे, छोटेलाल, मोतीलाल, फूलचंद पाल, रामकृष्ण हेगड़े सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम सजीवन सिंह, गीता देवी प्रधान और कमला देवी के संयुक्त अध्यक्ष मंडल ने की। सभा में सैकड़ों कार्यकर्ता, छात्र और नौजवान उपस्थित रहे। संचालन जिला सचिव रामप्रकाश ने किया।
कार्यक्रम ने भाकपा के 100 वर्षों के संघर्ष और योगदान को याद करते हुए पार्टी के उद्देश्य और सामाजिक कार्यों पर जोर दिया।