Home उत्तर प्रदेश भदोही में स्मार्ट मीटर से बिजली आपूर्ति ठप रमजान में कम बकाए...

भदोही में स्मार्ट मीटर से बिजली आपूर्ति ठप रमजान में कम बकाए पर कार्रवाई से उपभोक्ता परेशान

BHADOHI NEWS: नगर में स्मार्ट मीटर लगे कई उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि रमजान के पवित्र महीने में मामूली बकाए पर यह कार्रवाई की गई है, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई है। उपभोक्ताओं के अनुसार, जिन घरों की बिजली काटी गई है, उन पर कोई बड़ा बकाया नहीं था। नाम न छापने की शर्त पर एक उपभोक्ता ने बताया कि अधिकांश उपभोक्ताओं पर सिर्फ 1,000 से 1,500 रुपए तक का बकाया था। इस समय मुस्लिम समुदाय का पवित्र रमजान महीना चल रहा है और ईद-उल-फितर का पर्व भी नजदीक है। ऐसे में लोग रोजा रखने और त्योहार की तैयारियों में जुटे हुए हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई उपभोक्ता विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचकर बिल जमा करने में लगे हैं। हालांकि, कई ऐसे उपभोक्ता भी हैं जिनके पास फिलहाल पैसों का अभाव है, जिससे वे असमंजस में हैं कि त्योहार की तैयारी करें या बिजली का बिल भरें। विभाग के स्थानीय अधिकारी इस परेशानी से अपना पल्ला झाड़ ले रहे हैं। उनका कहना है कि यह विद्युत वितरण खंड प्रथम कार्यालय भदोही से नहीं बंद किया जा रहा है। अब 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि की भी शुरुआत हो जाएगी। अगर विद्युत विभाग का रवैया इसी तरह से रहा तो हिंदू भाइयों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।