Home उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से, 119 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी...

बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से, 119 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा

SIDHARTHNAGAR NEWS:  माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को सकुशल एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए गुरुवार को लोहिया कलाभवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की। बैठक में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट को शासन की गाइडलाइन के अनुरूप पीपीटी के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित होगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी परीक्षा केंद्रों पर समय से उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र परिसर के भीतर मोबाइल फोन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा तथा किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बालिका छात्राओं की जांच महिला शिक्षकों द्वारा की जाएगी। जनपद में कुल 119 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। केंद्र व्यवस्थापक 118, स्टैटिक मजिस्ट्रेट 119, सेक्टर मजिस्ट्रेट 18 तथा जोनल मजिस्ट्रेट 6 तैनात किए गए हैं। कॉपी संकलन के लिए तहसीलवार पांच केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल परीक्षा में 33,501 संस्थागत एवं 104 व्यक्तिगत परीक्षार्थी तथा इंटरमीडिएट में 27,209 संस्थागत एवं 755 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। कॉपियों को संकलन केंद्र तक पुलिस सुरक्षा में बंद वाहन से भेजा जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य, उपजिलाधिकारी बांसी निखिल चक्रवर्ती, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।