SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पीएम श्री स्कूल फेज-वन और फेज-टू में मौजूद कमियों (गैप्स) के पैरामीटर्स की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि “स्कूल चलो अभियान” के तहत 38,351 बच्चों का नया नामांकन हुआ है। हालांकि, जन्म प्रमाण पत्र बनाने के मामले में बांसी, उसका बाजार, उमरियागंज और भनवापुर ब्लॉक की प्रगति कम पाई गई। जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे उपजिलाधिकारी से संपर्क कर जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में पाई गई कमियों को खंड विकास अधिकारी से समन्वय स्थापित कर ठीक कराने का निर्देश भी दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 के तहत अतिरिक्त कक्षा कक्षों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पीएम स्कूलों में एमडीएम शेड, टाइलिंग, छत मरम्मत और बाउंड्री वॉल जैसे निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण कार्य न होने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मिड-डे मील टीन शेड का कार्य भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने अतिरिक्त कक्षा कक्ष और स्मार्ट क्लास के लिए सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) मद से बजट प्राप्त करने हेतु पत्र लिखने का निर्देश दिया। जर्जर विद्यालयों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई एक माह में पूरी करने को कहा गया। 169 स्कूलों में हाईटेंशन तार हटाने के लिए विद्युत विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द हटाने के निर्देश दिए गए। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। सभी खंड विकास अधिकारियों को इन विद्यालयों में नामांकन, हॉस्टल और खाने-पीने की व्यवस्था का सत्यापन करने को कहा गया। दिव्यांग बच्चों के अटेंडेंस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार और समस्त खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।







