MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) शहर के हरना की गली निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री की फोटो और आपत्तिजनक संदेश सोशल मीडिया पर साझा कर बदनाम करने के मामले में पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हरना की गली निवासी संजय कुमार ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 25 फरवरी की रात करीब 10:38 बजे उनके बेटे के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से फोटो और मैसेज प्राप्त हुआ। पड़ताल करने पर उक्त नंबर हरना की गली के ही निवासी इशु ओझा उर्फ फन्नू ओझा का निकला। युवक उनकी पुत्री आस्था वर्मा की फोटो और संदेश इंस्टाग्राम पर साझा कर उसे बदनाम करने का प्रयास कर रहा है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर युवक द्वारा परिवार को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। प्रार्थना पत्र के जरिए बताया कि इस मामले में पूर्व में थाना कोतवाली कटरा में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आरोपित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।







