Home उत्तर प्रदेश बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति मनाएगी ‘बुंदेलखंड दिवस’

बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति मनाएगी ‘बुंदेलखंड दिवस’

रक्त से पत्र लिखकर उठेगी अलग राज्य की मांग

FATEHPUR NEWS:  बुंदेलखंड राज्य आंदोलन के जनक स्वर्गीय शंकर लाल मेहरोत्रा की 78वीं जयंती 9 मार्च को समूचे बुंदेलखंड क्षेत्र में “बुंदेलखंड दिवस” के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर कार्यकर्ता 52वीं बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम रक्त से पत्र लिखकर पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग दोहराएंगे।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश के फतेहपुर, झांसी, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा व चित्रकूट सहित मध्य प्रदेश के छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, दमोह, सागर और दतिया जिलों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सार्वजनिक स्थलों पर एकत्र होकर समर्थक प्रधानमंत्री के नाम रक्त-पत्र लिखेंगे और अलग राज्य की मांग को पुनः मुखर करेंगे। प्रवीण पाण्डेय ने बताया कि उनके नेतृत्व में बुंदेली बहनों द्वारा एक लाख से अधिक राखी-पत्र प्रधानमंत्री को भेजे जा चुके हैं, जिनमें पृथक बुंदेलखंड राज्य को रक्षास्वरूप उपहार के रूप में प्रदान करने का निवेदन किया गया है। नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर भी राज्य निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि “ग्राम-ग्राम जन-संपर्क” अभियान के माध्यम से यह आंदोलन अब गांव-गांव तक पहुंच चुका है। छात्र-युवा वर्ग शिक्षा, रोजगार और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर जागरूक होकर सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। समिति का कहना है कि भौगोलिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशिष्ट पहचान रखने वाला बुंदेलखंड लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहा है। स्वर्गीय शंकर लाल मेहरोत्रा ने अलग राज्य आंदोलन को संगठित स्वरूप देने के लिए बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना की थी। उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनकी जयंती को संकल्प दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।