ETAWA NEWS: हाईवे किनारे नगला हरचंद मलाजनी स्थित बुद्ध विहार का कायाकल्प कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। परिसर को अधिक शांतिमय, दर्शनीय और आध्यात्मिक स्वरूप देने के उद्देश्य से हो रहे सुधारों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बुद्ध विहार में स्थापित बुद्ध प्रतिमा को छत के मध्य खुले स्वरूप में पुनर्स्थापित किया जाएगा, ताकि हाईवे से गुजरने वाले श्रद्धालु और बौद्ध अनुयायी दूर से ही सहजता से बुद्ध दर्शन कर सकें। इसे विहार को क्षेत्र का प्रमुख धम्म केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बौद्ध साहित्य का एक पुस्तकालय स्थापित करने पर भी सहमति बनी, जिससे अध्ययन सुविधाओं का विस्तार हो सके। इसके अतिरिक्त परिसर में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, आगंतुकों के बैठने हेतु सुविधाजनक व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था में सुधार, पौधरोपण द्वारा हरियाली बढ़ाने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई। पुनर्निर्माण कार्यों के लिए प्राप्त दान की पारदर्शी व्यय रिपोर्ट सदस्यों के समक्ष रखी गई, जिसे सभी ने स्वीकार किया। बैठक में उपस्थित संघ समर्थकों, धम्म अनुयायियों और स्थानीय धम्म हितैषियों ने बुद्ध विहार को आदर्श आध्यात्मिक केंद्र बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में संयोजक लक्ष्मण सिंह शाक्य पेंटर, प्रधान लक्ष्मी नारायण शाक्य, नाजिर प्रेम सिंह शाक्य, समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य, गौरव शाक्य (नगला भिखन), राम प्रकाश (नगला हरचंद), होरीलाल (नगला हुलासी), दिनेश कुमार (नगला भिखन), ओम नारायण (बनकटी), रामकरन (मलूपुरा), जनवेद सिंह (नगला भिखन) सहित अन्य धम्म हितैषी उपस्थित रहे।







