SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास खंड शोहरतगढ़ में गुरुवार को एक ही मंच पर विदाई और स्वागत का कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां पर तैनात रहे बीडीओ सुरेश कुमार मौर्य की सेवानिवृत्ति पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई, जबकि नवागत बीडीओ चंद्र भूषण तिवारी ने कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों ही अधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
श्रावस्ती से स्थानांतरित होकर आए चंद्र भूषण तिवारी ने ब्लाक कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। इस दौरान निवर्तमान बीडीओ सुरेश कुमार मौर्य के सम्मान में विदाई समारोह रखा गया। समारोह में उपजिलाधिकारी राहुल सिंह ने कहा कि व्यक्ति अच्छे आचरण और कठिन परिश्रम से ही उच्च पदों पर पहुंचता है। जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह ने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि कर्मों से होती है। प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा ने सुरेश मौर्य को एक जनप्रिय अधिकारी बताते हुए उनकी विदाई को पीड़ादायक बताया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित कुमार यादव ने उनके योगदान को सराहा। इस अवसर पर नवागत बीडीओ चंद्र भूषण तिवारी समेत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त बीडीओ सुरेश कुमार मौर्य को पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र और धार्मिक पुस्तकें भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन पीयूष मिश्रा ने किया। इस दौरान तहसीलदार अजय कुमार, उपयुक्त मनरेगा संदीप सिंह, सुनील सिंह, पंकज चौबे सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान और ब्लॉक कर्मचारी मौजूद रहे।







