मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल पुलिस हरकत में आई
AURAIYA: फफूंद थाना क्षेत्र के अछल्दा चौराहा पर किसी बात को लेकर एक युवक को तीन लोगों ने लाठी डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। नगर के मुहल्ला बाबा का पुरवा निवासी संदीप कुमार पुत्र साधुराम मंगलवार की शाम लगभग 6 बजे बाजार करके वापस घर जा रहा था, जैसे ही वह अछल्दा चौराहा पर स्थित दिबियापुर टैम्पो स्टैंड पर पहुंचा तभी शराब पीकर आये गौतम पुत्र मान सिह,अभिषेक पुत्र राम बाबू व समीर सभी निवासीगण मुहल्ला तहारपुर ने उसे रोककर गाली-गलौज करने लगे। जब युवक ने विरोध किया तो सभी लोग हाथ में लिए लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे। जिससे उसके सिर में चोट आई है। मारपीट के दौरान भीड़ भी तमाशबीन बनी रही, तभी वहां मौजूद किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंच कर पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए सीएचसी दिबियापुर भेज दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।इस सम्बंध में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश पाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है,आरोपियों की तलाश की जा रही है।







