KAUSHAMBI NEWS: बीआरसी कड़ा में ‘मेरा आंगन मेरा उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंड विकास अधिकारी अखिलेश दुबे ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल वाटिका के अंतर्गत नौनिहालों के सर्वांगीण विकास, प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालयी वातावरण को सुदृढ़ बनाना रहा। खंड शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को बाल वाटिका संचालन, गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल-खेल में सीखने की पद्धति व बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा पद्धति के अंतर्गत बच्चों को रोचक, सुरक्षित और प्रोत्साहनपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियां भी दी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 बच्चों की स्टेशनरी किट देकर मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके साथ ही 60 अन्य बच्चों को गिफ्ट देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में यह भी निर्देश दिया गया कि बाल वाटिका के अंतर्गत बच्चों को आवश्यक शिक्षण सामग्री, स्वच्छ वातावरण और नियमित गतिविधियों से जोड़ा जाए, ताकि उनका शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास सुनिश्चित हो सके। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि ‘मेरा आंगन मेरा उत्सव’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य को मजबूत करने की पहल है। उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे बाल वाटिका की गतिविधियों को गंभीरता से लागू करें और प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा पहुंचाने का संकल्प लें।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल हित में बेहतर शैक्षिक वातावरण बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन श्रेया द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम में एआरपी विनोद कुमार मिश्रा, प्रभाकर मिश्रा, दिनेश कुमार श्रीवास्तव, जयनेंद्र कुमार, भोलेंद्र वर्मा, संदीप द्विवेदी, मनीषा पाल, रिया सेठी, माया सिंह, मंदाकिनी द्विवेदी सहित काफी शिक्षक व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







