पुलिस को ज्ञापन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की, बोले गायिका ने पूर्व मुख्यमंत्री का नाम लेकर अपनी गायिकी में किया है आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल
BHADOHI NEWS: बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवनारायण गौतम के नेतृत्व में शुक्रवार को पार्टी के नेता पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसपी के नाम संबोधित एक ज्ञापन पुलिस को सौंपा। इसमें बिरहा गायिका रुचि यादव और उनकी टीम पर बसपा सुप्रीमो मायावती को अपमानित करने वाले होली गीत गाने का आरोप लगाया गया है। बसपा ने गायिका और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष श्री गौतम ने आरोप लगाया कि प्रतापगढ़ निवासी बिरहा गायिका रुचि यादव और उनके साथियों ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का नाम लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए एक होली गीत गाया है। ज्ञापन में शिवनारायण गौतम ने बताया कि 11 फरवरी, 2026 को फेसबुक चलाते समय उन्होंने यह वीडियो देखा। वीडियो में रुचि यादव और उनकी टीम के ढोलक वादक, हारमोनियम वादक सहित अन्य सदस्य मायावती को अपमानित करने वाले शब्दों का प्रयोग कर रहे थे। बसपा का कहना है कि यह वीडियो फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मायावती की छवि धूमिल हुई है और बहुजन समाज में इसको लेकर रोष व्याप्त है। बसपा जिलाध्यक्ष ने एसपी से गायिका और उनके सहयोगियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने गाने पर तत्काल रोक लगाने और सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से इसे हटाने की भी अपील की है। इस मौके पर पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कमलाशंकर भारती, पूर्व जिलाध्यक्ष बसपा लल्लू गौतम, डॉ.राजेश कुमार, रामचंद्र गौतम, रामलाल पाल, सुनील गौतम और कडेशंकर गौतम सहित कई अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।







