SIDHARTHNAGAR NEWS: बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से बुधवार को पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, बढ़नी (रामदत्तगंज) में मीना दिवस की धूम रही। विद्यालय के प्रधानाचार्य जावेद आलम की देखरेख में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में खण्ड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने छात्राओं का उत्साह दोगुना कर दिया। मीना दिवस प्रतिवर्ष 24 सितंबर को मनाया जाता है। यह दिन संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) द्वारा सृजित लोकप्रिय कार्टून चरित्र मीना के जन्मदिन के रूप में चिह्नित है। इसका मुख्य उद्देश्य मीना मंच के माध्यम से छात्राओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य और शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने का राष्ट्रीय प्रयास है। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने मीना मंच के उद्देश्यों पर आधारित प्रेरक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नुक्कड़ नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से यह सशक्त संदेश दिया गया कि प्रत्येक बालिका को शिक्षा प्राप्त करने और समाज में बराबरी का स्थान हासिल करने का पूरा हक है।
खण्ड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं के बढ़ते योगदान की सराहना की और उन्हें भविष्य में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मीना मंच की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रधानाचार्य जावेद आलम और पूरे विद्यालय परिवार की प्रशंसा भी की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सदस्यों, जिनमें योगेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, नूपुर श्रीवास्तव, खान शमशुन्नीसा, ऋचा माहुर, सरोज वर्मा, शालिनी श्रीवास्तव और दीपिका जायसवाल शामिल थे, ने सक्रिय भूमिका निभाई।







