PRATAPGARH NEWS: बुधवार की सुबह हुई बारिश के चलते लालगंज तहसील क्षेत्र के नगरीय एवं ग्रामीण अंचलों में हुए जलजमाव से लोग परेशान दिखे। सबसे ज्यादा परेशानी का सामना तहसील में आने वाले वादकारियों व अधिवक्ताओं को करते देखा गया। तहसील में गांठ भर पानी के कारण प्रशासनिक एवं न्यायिक कामकाज भी प्रभावित हुआ दिखा। अधिवक्ताओं ने जलभराव को देखते हुए न्यायिक कामकाज से विरत रहने का प्रस्ताव पारित किया। इसके कारण न्यायिक कामकाज नहीं हो सका। बरसात में आये वादकारियों को निराश वापस लौटते भी देखा गया। समस्या को लेकर संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश ने कहा कि कई बार अधिकारियों का ध्यान दिलाये जाने के बावजूद मुख्य मार्ग से एसडीएम तथा तहसीलदार कोर्ट पहुंचने के लिए भी सम्पर्क मार्ग का निर्माण नही कराया जा रहा है। यही हाल लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी दिखा। अस्पताल में मरीजों व तीमारदारों को हलाकान होते देखा गया। लालगंज घुइसरनाथ रोड पर भी बारिश का पानी जमा होने से राहगीरों को परेशानी में देखा गया। नगर के नेताजीपुरम में भी जलभराव की समस्या को लेकर लोग परेशान दिखे।







