PRATAPGARH NEWS: बाबागंज विकासखंड के कंपोजिट स्कूल सराय खान देव के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की मेधावी छात्रा रिया पटेल का चयन INSPIRE मानक अवार्ड योजना में हुआ है। इस योजना के अंतर्गत उन्हें अपने विज्ञान नवाचार को विकसित करने के लिए ₹10,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा मिलता है। इसी के साथ विद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) में भी ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। इस योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक प्रतिवर्ष ₹12,000 (कुल ₹48,000) की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहायता मिलती है। इस परीक्षा में विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर शानदार रैंक प्राप्त की है-रिया पटेल (जिला रैंक 2), अनुज पाल (11), सलोनी (14), अनुपा (14), शालिनी (31), प्रियांशु (38), रघुवीर (40), चाँदनी (41), आसिफ (41), शिवा (42) व कोमल (43)। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है। इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे सहायक शिक्षक जय कुमार गौड़ के मार्गदर्शन, प्रधानाध्यापक त्रिलोकी नाथ शुक्ल के कुशल नेतृत्व तथा विद्यालय के समस्त शिक्षकों व स्टाफ के सतत सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी बाबागंज आशीष मिश्रा और ब्लॉक के एआरपी बबलू सोनी, राहुल, संतोष, रमाकांत, विनोद यादव ने विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







