LAKHIMPUR KHERI NEWS: सम्पूर्णानगर रेंज के बालपुर बीट के ग्राम मिर्चिया में गुरुवार को एक बाघ/बाघिन के हमले में एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना दुधवा टाइगर बफर जोन से निकलकर आए वन्यजीव के कारण हुई। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।क्षेत्रीय वन अधिकारी ललित कुमार ने ग्रामीणों को हिंसक वन्यजीवों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि जंगल से सटे इलाकों में विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।इसके बाद वन विभाग की टीम ने सिंगाही बीट के ग्राम मुरारखेड़ा में लगाए गए पिंजरों और कैमरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बाघ को पकड़ने के लिए फिलहाल अभियान जारी है।







