SIDHARTHNAGAR NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के प्रथम एवं तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का कार्यक्रम शनिवार को तहसील बांसी में सम्पन्न हुआ। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता एवं उपजिलाधिकारी बांसी श्री शशांक शेखर राय की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. एवं उपजिलाधिकारी बांसी श्री शशांक शेखर राय द्वारा राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि तहसील समाधान दिवस में प्राप्त हो रही शिकायतों और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समय से एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता एवं विपक्षी दोनों के समक्ष जांच कर कार्यवाही की जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि किसी भी विभाग का तहसील दिवस का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए, यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। आज के सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस में कुल 79 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए, जिनमें राजस्व से संबंधित 35, पुलिस विभाग से संबंधित 15, विकास से संबंधित 10 और अन्य विभागों से संबंधित 19 प्रार्थना-पत्र शामिल थे। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने राजस्व के 12 प्रार्थना-पत्रों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया। तहसील दिवस में प्राप्त शेष शिकायती प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभाग के अधिकारी को तीन दिवस के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला कृषि अधिकारी मो. मुजम्मिल, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, तहसीलदार बांसी, तहसील बांसी क्षेत्र के अंतर्गत समस्त थानाध्यक्ष एवं खण्ड विकास अधिकारी तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







