Home उत्तर प्रदेश बढ़नी रेलवे स्टेशन पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने गाजे-बाजे के साथ...

बढ़नी रेलवे स्टेशन पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने गाजे-बाजे के साथ मनाई वन्देमातरम की 150वीं वर्षगांठ

SIDHARTHNAGAR NEWS:  भारत के कालजयी राष्ट्रगीत ‘वन्देमातरम’ की रचना के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 50वीं वाहिनी बलरामपुर द्वारा भारत-नेपाल सीमा स्थित बढ़नी रेलवे स्टेशन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्र सरकार द्वारा घोषित एक वर्षीय राष्ट्रव्यापी महोत्सव (7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026) के तहत वर्तमान में इस उत्सव का द्वितीय चरण (19 जनवरी से 26 जनवरी 2026) मनाया जा रहा है, जिसे गणतंत्र दिवस के पावन पर्व के साथ जोड़ा गया है। इसी कड़ी में आयोजित समारोह में देशभक्ति का अद्भुत ज्वार देखने को मिला। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 50वीं वाहिनी के उपकमांडेंट मुकेश कुमार गुर्जर के कुशल नेतृत्व में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने बैंड-बाजे के साथ देशभक्ति की ओजपूर्ण धुनें प्रस्तुत कीं, जिसकी मधुर लहरियों ने पूरे स्टेशन परिसर को राष्ट्रभक्ति के रंग में सरोबोर कर दिया। वन्देमातरम की इस गौरवमयी प्रस्तुति के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित यात्रियों और आम जनमानस ने खड़े होकर इस ऐतिहासिक पल का अभिवादन किया। समारोह में सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट संजय, सहायक कमांडेंट अजय कुमार, विनोद कुमार मिश्रा और उप निरीक्षक मुकेश चंद्रा सहित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जांबाज जवान मुस्तैदी के साथ उपस्थित रहे। वहीं, नगर पंचायत बढ़नी के चेयरमैन सुनील अग्रहरि, युवा भाजपा नेता अनिल अग्रहरि, इमरान अहमद, कोटेदार ध्रुव चतुर्वेदी और शुभम अग्रहरि सहित अन्य प्रबुद्ध जनों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। वन्देमातरम की इस 150वीं वर्षगांठ का उद्देश्य युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम की क्रांतिकारी ऊर्जा और राष्ट्रीय एकता के संकल्प से जोड़ना है। अधिकारियों ने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी महोत्सव आगामी 7 नवंबर 2026 तक निरंतर जारी रहेगा, ताकि इस गीत के ऐतिहासिक महत्व को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।