Home उत्तर प्रदेश बढ़नी में सफाईकर्मियों की हड़ताल से चरमराई व्यवस्था, चट्टी बाजार में कूड़े...

बढ़नी में सफाईकर्मियों की हड़ताल से चरमराई व्यवस्था, चट्टी बाजार में कूड़े का अंबार

SIDHARTHNAGAR NEWS: नगर पंचायत बढ़नी में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से कस्बे की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन जैसे खास दिन पर भी कस्बे में सफाई नहीं हुई, जिससे जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इस स्थिति से स्थानीय नागरिक बेहद परेशान हैं। नगर पंचायत के कर्मचारी पिछले 2 दिनों से धरने पर बैठे हैं, जिसके कारण कस्बे की गलियों और मुख्य बाजारों में कूड़ा इकट्ठा हो गया है। सबसे बुरी स्थिति चट्टी बाजार और गोला बाजार की है, जहां सफाई न होने से कूड़े के ढेर लगे हैं। सड़कों पर फैली गंदगी और हाल की बारिश ने स्थिति को और भी खराब कर दिया है, जिससे चारों तरफ बदबू फैल रही है।
कस्बे के पश्चिम पड़ाव, डिहवा, बस स्टॉप तिराहा, मिल कॉलोनी और लोहियानगर जैसे मुहल्लों में भी सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। स्थानीय निवासी राजकुमार अग्रहरि ने बताया कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण जनता को भारी परेशानी हो रही है और प्रशासन को जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकालना चाहिए। नागरिकों का कहना है कि सफाईकर्मियों और नगर पंचायत प्रशासन के बीच चल रही इस खींचतान का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।