Home उत्तर प्रदेश बढ़नी में चोरों का आतंक घर से लाखों की नकदी और जेवरात...

बढ़नी में चोरों का आतंक घर से लाखों की नकदी और जेवरात पार

नशे की लत से बढ़ रहे अपराधों ने बढ़ाई चिंता

SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल सीमा से सटे ढेबरुआ थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात लोहियानगर नगर पंचायत बढ़नी के वार्ड नंबर-3 में एक बड़ी चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया है। अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये नकद और कीमती जेवरात उड़ा लिए। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में बेखौफ घूम रहे नशेड़ी चोरों के गिरोहों पर लगाम लगाने में पुलिस के सामने खड़ी चुनौतियों को उजागर कर दिया है। पीड़ित ने बड़ी मुश्किल से मकान की मरम्मत के लिए यह रकम जोड़ी थी, जिससे उसे गहरा सदमा लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्म कुमार पुत्र स्व० रामलाल के घर में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने बड़ी चालाकी से घर में घुसकर अलमारी और बक्सों को खंगाल डाला। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने 2 लाख रुपये नकद, 2 मंगलसूत्र, 1 झुमका और 1 नथिया चुरा लिया। सुबह जब परिवार जागा तो घर का सामान बिखरा देख उन्हें चोरी का पता चला। तत्काल पुलिस चौकी बढ़नी में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि क्षेत्र में बढ़ रही चोरियों और छिनैती की घटनाओं के पीछे मुख्य कारण नशेड़ियों की बढ़ती संख्या है। नशे के सौदागरों द्वारा बॉर्डर क्षेत्र और कस्बे में आसानी से नशीले पदार्थ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नशे की लत को पूरा करने के लिए ये लोग आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई के बावजूद, नशे के इस जाल को पूरी तरह से खत्म कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है। जब तक नशा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ऐसी घटनाओं पर रोक लग पाना मुश्किल है।