अध्यक्ष-अधिशासी अधिकारी पर मनमानी का आरोप, हड़ताल के जरिए दबाव बनाने का दावा
SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले के बढ़नी नगर पंचायत में व्याप्त गतिरोध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। नगर पंचायत के नौ निर्वाचित सदस्यों (सभासदों) ने अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी (ईओ) पर तानाशाही और अलोकतांत्रिक कार्यप्रणाली का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को एक सामूहिक त्यागपत्र सौंपा है। सदस्यों ने आरोप लगाया है कि दोनों अधिकारी मिलकर कर्मचारियों की जबरन हड़ताल कराकर उन पर दबाव बना रहे हैं, ताकि वे उनके एकतरफा और अवैध फैसलों को स्वीकार कर लें। सामूहिक त्यागपत्र में सभासदों ने कहा है कि यह स्थिति न केवल नगर पालिका अधिनियम, 1962 की भावना के प्रतिकूल है, बल्कि जनप्रतिनिधियों की गरिमा और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी सीधा आघात है। उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि या तो इस मामले पर ध्यान दिया जाए, या फिर हड़ताल के लिए उकसाने वाले संगठनों के जिम्मेदार नेताओं के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। सभासदों ने चेतावनी दी है कि ऐसी परिस्थितियों में उनके लिए लोकतांत्रिक ढंग से काम करना संभव नहीं होगा। इस त्यागपत्र पर सभी 10 निर्वाचित सदस्यों के हस्ताक्षर हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि नगर पंचायत के भीतर मतभेद गहराते जा रहे हैं।







