Home उत्तर प्रदेश बढ़नी नगर के स्टेशन रोड पर मिला बुजुर्ग का शव, शिनाख्त में...

बढ़नी नगर के स्टेशन रोड पर मिला बुजुर्ग का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

SIDHARTHNAGAR NEWS: बढ़नी नगर पंचायत क्षेत्र में स्टेशन रोड स्थित माल गोदाम के पास बीती रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। चौकी प्रभारी बढ़नी अनिरुद्ध सिंह के अनुसार, उन्हें नागरिकों से सूचना मिली थी कि एक बुजुर्ग व्यक्ति मरणासन्न अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि मृतक पिछले दो-तीन दिनों से इसी इलाके में घूमता हुआ दिखाई दे रहा था। पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 70 वर्ष है और उसने लुंगी व सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी। शिनाख्त के लिए शव को मर्चरी हाउस सिद्धार्थनगर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि 72 घंटे तक पहचान नहीं होने पर नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।