चोरों ने तोड़ा सीसीटीवी कैमरे का तार
SIDHARTHNAGAR NEWS: नगर पंचायत बढ़नी कस्बे के पुलिस चौकी वार्ड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में मंगलवार-बुधवार (1 जुलाई की रात) की दरमियानी रात चोरों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने बेहद निडर होकर स्कूल परिसर में घुसकर पहले सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया, ताकि उनकी करतूत कैद न हो सके। इसके बाद, उन्होंने सीधे प्रधानाचार्य कक्ष को निशाना बनाया। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखी तीन अलमारियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और उनमें रखे फीस के करीब 25 हजार रुपये नकद चुरा लिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिकेश पाठक ने ढेबरुआ थानाध्यक्ष को तहरीर दी है। तहरीर में उन्होंने बताया है कि 1 जुलाई की रात्रि में किसी अज्ञात व्यक्ति ने विद्यालय में घुसकर सबसे पहले कैमरे का तार तोड़ा, उसके बाद प्रधानाचार्य के ऑफिस की सभी अलमारियों के लॉक तोड़कर एक अलमारी में से फीस के आए 25,000 रुपये चोरी कर लिए। प्रधानाचार्य ने अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और चोरी हुई रकम की बरामदगी की मांग की है। कस्बे के बीचोबीच स्थित इस शिक्षण संस्थान में हुई इस चोरी की वारदात ने स्थानीय लोगों के बीच पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस संबंध में ढेबरुआ थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि उन्हें तहरीर मिल गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







