SIDHARTHNAGAR NEWS: बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार, 16 सितंबर को बढ़नी ब्लॉक सभागार में एक महत्वपूर्ण तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। ‘पोषण भी पढ़ाई भी’ योजना के अंतर्गत आयोजित यह प्रशिक्षण 16, 18 और 19 सितंबर को होगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाकर उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा प्रदान करना है। प्रशिक्षण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सिखाया जा रहा है कि कैसे बच्चों के मानसिक विकास, खेल के माध्यम से शारीरिक विकास, सामाजिक और भावनात्मक विकास को बढ़ावा दिया जाए। इस प्रशिक्षण का आयोजन बाल विकास परियोजना अधिकारी रविन्द्र यादव, बढ़नी द्वारा किया गया है। प्रशिक्षकों में रॉकेट लर्निंग संस्था से अमृता त्रिपाठी और शिक्षा विभाग से उमेश जी शामिल हैं। कार्यक्रम में बढ़नी की 100 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें कामिनी श्रीवास्तव, आशा शुक्ला, विमला, मीनू, इंद्रावती, सरिता, अनुराधा त्रिपाठी, बबीता, सीमा और गीता पाठक आदि प्रमुख रूप से मौजूद थीं। यह पहल बच्चों को स्वस्थ और शिक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो उनके सुनहरे भविष्य की नींव रखेगा।







