SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद में 8वें पोषण पखवाड़ा (9 से 23 अप्रैल 2026) का शुभारंभ प्राथमिक विद्यालय, उसका राजा, विकास खंड उसका बाजार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में किया गया। यह अभियान 23 अप्रैल तक विभिन्न गतिविधियों के साथ संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे के जीवन के शुरुआती 6 वर्ष अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि इसी अवधि में मस्तिष्क का लगभग 80 से 85 प्रतिशत विकास होता है। इस दौरान यदि बच्चों को समुचित पोषण, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा मिलती है, तो उनके समग्र विकास की मजबूत नींव रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि कुपोषण न केवल शारीरिक विकास को प्रभावित करता है, बल्कि मानसिक एवं बौद्धिक विकास पर भी प्रतिकूल असर डालता है। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि पोषण पखवाड़ा केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से चलने वाला एक महत्वपूर्ण जनआंदोलन है। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को संतुलित आहार, टीकाकरण, स्वच्छता और स्तनपान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक तत्वों से भरपूर आहार बनाने की विधियां भी प्रदर्शित की गईं। पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, सीडीपीओ उसका बाजार आनंद श्रीवास्तव, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







