JAUNPUR NEWS: सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले पोस्ट को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के आदेश पर साइबर थाने में एक व्यक्ति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।जानकारी के अनुसार, पत्रकार एवं यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के सदस्य चंद्र मणि पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें आरोप लगाया गया कि विजय कुमार नामक फेसबुक यूजर ने माता दुर्गा की एक आपत्तिजनक और अश्लील तस्वीर पोस्ट की। इतना ही नहीं, उसने अपने लेख में माता जी के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए तथ्यहीन कहानी लिखी। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि आरोपी ने समाज के दो वर्गों को भड़काने की भी कोशिश की, ताकि नवरात्र जैसे पावन पर्व पर समाज में अशांति फैल सके। इस कृत्य को देश की एकता और अखंडता के लिए सीधी चुनौती माना गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की धारा 173, 196, 197, 298, 299, 302 और 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही साइबर टीम आरोपी की गतिविधियों और पोस्ट की जांच में जुट गई है।







