Home उत्तर प्रदेश फूड सेफ्टी ऑन व्हील द्वारा खाद्य पदार्थों की जांच, 31 नमूनों में...

फूड सेफ्टी ऑन व्हील द्वारा खाद्य पदार्थों की जांच, 31 नमूनों में 1 अशुद्ध पाया गया

KUSHINAGAR NEWS:  भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रदीप कुमार राय के निर्देशन एवं नेतृत्व में आज जनपद  कुशीनगर में एफ.एस.डब्ल्यू. (फूड सेफ्टी ऑन व्हील) सचल खाद्य प्रयोगशाला द्वारा विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान संचालित किया गया। यह अभियान रविन्द्रनगर धूस पडरौना, शहीद चौक कसया एवं गांधी चौक कसया में आयोजित किया गया, जहाँ प्रशिक्षित खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम बुझावन चौहान द्वारा खाद्य कारोबारकर्ताओं एवं आम नागरिकों द्वारा लाए गए खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच की गई। जांच उपरांत संबंधित व्यक्तियों को परीक्षण परिणामों से अवगत कराते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों, घरेलू जांच विधियों तथा आवश्यक सावधानियों के संबंध में जागरूक किया गया। अभियान के दौरान कुल 31 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिनमें 30 नमूने विशुद्ध तथा 01 नमूना अशुद्ध पाया गया। अशुद्ध पाए गए साबुत जीरा में बाह्य तत्व की उपस्थिति मिलने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को कड़ी चेतावनी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशानुसार आगामी नवरात्रि एवं रामनवमी पर्व के दृष्टिगत आमजन को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु विशेष सघन अभियान भी चलाया गया। अभियान के अंतर्गत खाद्य कारोबारकर्ताओं की दुकानों एवं खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया तथा परिसर की स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने एवं केवल शुद्ध खाद्य पदार्थों के विक्रय के निर्देश दिए गए। मिलावट की आशंका के आधार पर अन्नापूर्णा ग्रोसरी (रविन्द्रनगर धूस पडरौना) से सिंघाड़ा आटा एवं कुट्टू आटा तथा कसया क्षेत्र से साबूदाना सहित कुल 04 नमूने जांच हेतु संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल वर्मा एवं राम बुझावन चौहान सम्मिलित रहे। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।