ग्रामीणों की आईडी का दुरुपयोग कर निकाले जाते थे अतिरिक्त सिम, सेक्सटॉर्शन के जरिए की जाती थी ठगी
FATEHPUR NEWS::जनपद में साइबर क्राइम पुलिस थाना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी तरीके से मोबाइल सिम जारी कर उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में दो पीओएस (पॉइंट ऑफ सेल) एजेंट समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से प्रयुक्त मोबाइल फोन, 35 ब्लैंक सिम और बायोमेट्रिक मशीन बरामद की गई है।!पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। साइबर क्राइम पुलिस थाना द्वारा प्रतिबिम्ब पोर्टल पर संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच के दौरान संकलित इलेक्ट्रॉनिक व अभिलेखीय साक्ष्यों के आधार पर यह खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि एयरटेल, जियो और वोडाफोन कंपनियों के पीओएस एजेंट धर्मेन्द्र साहू और रामजी गुप्ता गांव-गांव घूमकर सिम बिक्री व पोर्टिंग का काम करते थे। इस दौरान वे ग्रामीण अंचलों के अशिक्षित व सीधे-साधे लोगों का फायदा उठाते हुए एक ही व्यक्ति की अलग-अलग फोटो लेकर एक सिम ग्राहक को देते थे, जबकि दूसरी आईडी से अतिरिक्त सिम कूटरचित तरीके से निकाल लेते थे। ये अतिरिक्त सिम उनके सहयोगी लल्लू उर्फ इश्तियाक और अन्य साइबर अपराधियों को सौंप दिए जाते थे। इसके बाद इन्हीं नंबरों से आमजन को कॉल कर स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर पोर्न वीडियो देखने का डर दिखाया जाता और सेक्सटॉर्शन के नाम पर उनसे धनराशि ठगी जाती थी। पुलिस के अनुसार कूटरचित मोबाइल नंबर 7607492511, 8804555401 और 7398779341 के संबंध में बिहार, झारखंड और बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) से एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतें सामने आई हैं, अन्य सिमों की भी गहन जांच की जा रही है। तीनों अभियुक्तों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर थाना साइबर क्राइम फतेहपुर में अपराध संख्या 43/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आईटी एक्ट और भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्तों के पास से 03 एंड्रॉयड मोबाइल फोन (ओप्पो, वीवो और वन प्लस), 35 ब्लैंक मोबाइल सिम और 01 बायोमेट्रिक मशीन मय सी-टाइप ओटीजी केबल बरामद हुई है।
इस सफल कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह (साइबर क्राइम थाना) के नेतृत्व में निरीक्षक मोहम्मद कमर खान, उपनिरीक्षक/कर्मचारी सुमेश कुमार, हेड कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय, कांस्टेबल शुभेन्दु रंजन व अभिषेक कुमार की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, डराने-धमकाने या लालच देने वाले संदेश से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने को दें।







