Home उत्तर प्रदेश फतेहपुर में सजा ‘लंदन सिटी’ थीम पर भव्य मेला, जलपरी शो बना...

फतेहपुर में सजा ‘लंदन सिटी’ थीम पर भव्य मेला, जलपरी शो बना मुख्य आकर्षण

एमआईसी ग्राउंड में सजा आधुनिक मेला, झूलों और स्टॉल्स का लोगों ने लिया आनंद

‘लंदन सिटी’ थीम वाला मेला बना हिट, हर उम्र के लोगों की उमड़ी भीड़

जलपरी शो ने मचाई धूम, रील बनाने वालों की भी लगी कतार
FATEHPUR NEWS: शहर के बिंदकी बस स्टैंड के पास स्थित एमआईसी ग्राउंड में इन दिनों ‘लंदन सिटी’ थीम पर आधारित भव्य मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, जो नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पहली बार इस तरह की आधुनिक थीम पर सजे मेले ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को अपनी ओर खींच लिया है।vमेले में विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें खाने-पीने की वस्तुएं, कपड़े, बर्तन, खिलौने और दैनिक उपयोग की कई अन्य चीजें उपलब्ध हैं। खासकर फास्ट फूड स्टॉल पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। भुट्टा, चाट, बर्गर, पिज्जा और आइसक्रीम की दुकानों पर देर रात तक ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। इस प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण समुद्री जलपरी (मरमेड) का शो है, जिसे देखने के लिए युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहर में पहली बार आयोजित इस शो ने लोगों की जिज्ञासा को और बढ़ा दिया है। साथ ही, रील और वीडियो बनाने वालों की भी यहां बड़ी संख्या में मौजूदगी देखने को मिल रही है। मेले में लगे विभिन्न प्रकार के झूले भी लोगों के मनोरंजन का प्रमुख साधन बने हुए हैं। छोटे बच्चों के लिए जहां खास झूले लगाए गए हैं, वहीं बड़े भी रोमांचक राइड्स का भरपूर आनंद ले रहे हैं। शाम ढलते ही मेले का नजारा और भी जीवंत हो उठता है। चारों ओर रोशनी और चहल-पहल के बीच बड़ी संख्या में लोग मेले का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों की भीड़ से पूरा परिसर गुलजार नजर आता है। मेला संचालक कमल त्रिवेदी ने बताया कि फतेहपुरवासियों के मनोरंजन के लिए यह प्रदर्शनी विशेष रूप से तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों का भरपूर सहयोग और प्रशासन का पूरा समर्थन मिल रहा है, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आयोजकों ने विशेष ध्यान दिया है। मेले में महिला एवं पुरुष गार्ड की तैनाती की गई है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना न हो सके। कमल त्रिवेदी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और दोस्तों के साथ अधिक से अधिक संख्या में आकर इस भव्य मेले और प्रदर्शनी का आनंद लें।