Home उत्तर प्रदेश फतेहपुर में मुख्य रेलवे ओवरब्रिज बंद होने से लगा भीषण जाम

फतेहपुर में मुख्य रेलवे ओवरब्रिज बंद होने से लगा भीषण जाम

ओवरब्रिज के मरम्मत के चलते हुआ बंद शहर में जाम के झाम से प्रभावित दिखे शहरवासी

FATEHPUR NEWS: मुख्य रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत के कारण बंद होने से शहर के दक्षिणी इलाके में भीषण यातायात जाम लग गया। यह जाम लगभग पाँच घंटे तक रहा, जिससे शहरवासी बुरी तरह प्रभावित हुए। मुख्य ब्रिज बंद होने के कारण सारा ट्रैफिक शादीपुर क्रॉसिंग और हरिहरगंज पुल से होकर गुजर रहा है, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई। सुबह नौ बजे से जाम लगना शुरू हुआ, लेकिन सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक स्थिति और गंभीर हो गई। इस दौरान वाहन केवल धीरे-धीरे ही आगे बढ़ पाए। स्कूली वाहनों को सबसे अधिक परेशानी हुई, जो कई घंटों तक जाम में फंसे रहे। छोटे चार पहिया वाहन चालकों को मजबूरन गलियों से रास्ता निकालना पड़ा। शादीपुर क्रॉसिंग के पास भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठी का प्रयोग भी करना पड़ा। शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए 50 नंबर पुल को चार महीने के लिए मरम्मत हेतु बंद किया गया है। यह पुल पहले साउथ सिटी की ओर जाने वाले 80 प्रतिशत बड़े वाहनों को निकालता था। अब पूरा यातायात देवीगंज पुल पर स्थानांतरित हो गया है, क्योंकि शादीपुर क्रॉसिंग पर कोई ओवरब्रिज नहीं है और अभी भी रेलवे गेट के खुलने का इंतजार करना पड़ता है। इस जाम का एक मुख्य कारण ई-रिक्शा का बेतरतीब संचालन भी बताया जा रहा है। ज्वालागंज, शांतिनगर, बाकरगंज और राधानगर जैसे कई क्षेत्रों से ई-रिक्शा के रूट शुरू होते हैं, जिससे भीड़ बढ़ जाती है। शहर में सुगम यातायात के लिए एक साल पहले एक ट्रैफिक प्लान बनाया गया था और ई-रिक्शा के रूट भी तय किए गए थे, लेकिन आज तक यह व्यवस्था लागू नहीं हो सकी है। जिम्मेदार अधिकारियों की उपेक्षा से यह समस्या विकराल रूप ले चुकी है और शहरवासी जाम की समस्या झेलने को मजबूर हैं।