Home उत्तर प्रदेश फंदे से लटकती मिली विवाहिता, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

फंदे से लटकती मिली विवाहिता, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

दहेज उत्पीड़न का शक गहराया, मासूम बच्चा अनाथ

SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद सिद्धार्थनगर के कोतवाली जोगिया उदयपुर क्षेत्र की ग्राम सभा ककरही में सोमवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां 20 वर्षीय अंजनी का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। इस खबर के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। विवाहिता के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार करते हुए इसे पूर्व नियोजित हत्या बताया है।
मायके वालों ने अंजनी के पति बच्चन सहित जेठ और जेठानी पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक अंजनी का विवाह लगभग चार साल पहले ग्राम ककरही निवासी बच्चन से हुआ था। उनके पास तीन वर्षीय एक मासूम बेटा अनूप भी है।
मृतका अंजनी के पिता राम लखन लोधी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी पर दहेज के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि अंजनी का पति बच्चन शराब के नशे में धुत होकर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। पिता ने आशंका जताई कि सोमवार को उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया ताकि यह आत्महत्या लगे। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें बिना सूचना दिए ही शव को फंदे से नीचे उतार दिया गया था और गांव वालों की जानकारी पर ही वे मौके पर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर फॉरेंसिक टीम पहुंची और कमरे की गहन जांच की। वहीं, जोगिया कोतवाली की प्रभारी मीरा चौहान ने बताया कि मायके वालों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।