Home उत्तर प्रदेश प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी में परिवार नियोजन शिविर, 8 महिलाओं ने उठाया...

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी में परिवार नियोजन शिविर, 8 महिलाओं ने उठाया लाभ

SIDHARTHNAGAR NEWS: विश्व जनसंख्या दिवस के अभियान के दौरान मोबियस फाउंडेशन की ‘आकार’ परियोजना द्वारा गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी में परिवार नियोजन के लिए महिला नसबंदी शिविर का आयोजन किया गया। जननी संस्था के सहयोग से लगे इस शिविर में 8 महिलाओं की सफल नसबंदी की गई। इसके साथ ही, शिविर में आए अन्य लाभार्थियों को परिवार नियोजन के अस्थायी तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी के अधीक्षक डॉ. अविनाश चौधरी ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे प्रशंसनीय और महत्वपूर्ण कार्य बताया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि इस सुविधा का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाए। शिविर में परिवार नियोजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा बहुओं को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। मोबियस फाउंडेशन के प्रतिनिधि देवेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा ‘आकार’ परियोजना सिद्धार्थनगर जिले में चलाई जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता और स्वीकार्यता को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस महीने लोटन, उसका बाजार, डुमरियागंज, जोगिया, मिठवल, इटवा, बासी, शोहरतगढ़ और बढ़नी सहित कई स्वास्थ्य केंद्रों पर नसबंदी सेवाएं दी गई हैं। आगामी दिनों में अन्य ब्लॉकों में भी ऐसे कैंप लगाने की योजना है। इस शिविर को सफल बनाने में बीसीपीएम राजेश, बीपीएम अरविंद और आशा बहुओं प्रेमलता, गायत्री, माया, शैराबानो, आरती, सुशीला, उर्मिला और गीता शर्मा का सराहनीय योगदान रहा।