VARANASI NEWS: चिरईगाँव विकास खंड स्थित प्राथमिक विद्यालय खालिसपुर और गौराकलां में कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ खालिस पुर और गौराकलां विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से किया गया। इस अवसर पर दोनों विद्यालय के जूनियर छात्रों ने अपने वरिष्ठ साथियों के सम्मान में प्रेरणादायक गीत, नृत्य और लघु नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विदा होने वाले छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में बिताए अपने पाँच वर्षों के खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की, जिससे पूरा माहौल भावुक हो गया। समारोह के दौरान शिक्षकों ने बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया। विद्यालय की ओर से मेधावी छात्रों को अंक पत्र एवं शैक्षिक सामग्री भेंट कर प्रोत्साहित किया गया। प्रधानाध्यापिका आरती देवी ने अपने संबोधन में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालय से मिली शिक्षा उनके जीवन का आधार बनेगी और वे आगे चलकर समाज में विद्यालय व गाँव का नाम रोशन करेंगे। दोनों विद्यालय के कार्यक्रम का समापन पुरस्कार और मिष्ठान वितरण और शुभकामनाओं के साथ हुआ। इस अवसर पर खालिसपुर स्कूल में शिक्षक आलोक कुमार मौर्य, आबिदा बानो, अमिता शुक्ला, प्रतिभा सिंह, कुसुम सिंह,कमल देवी गुप्ता और अभिभावक उपस्थित रहे, वहीं गौराकलां स्कूल में कक्षा अध्यापिका रेखा उपाध्याय,एहतेशामुल हक, अनीता सिंह,सादिया तबस्सुम,शशिकला,ज्योति कुमारी,शक्ति कुमारी इत्यादि टीचर थे।







