55 मेधावी छात्र-छात्राओं को भी किया गया पुरस्कृत, प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा
FATEHPUR NEWS: नगर पंचायत खखरेरू अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पड़रापर में वार्षिक उत्सव एवं छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों सहित विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी विजयीपुर रजनीश श्रीवास्तव की उपस्थिति में नवोदय प्रवेश परीक्षा में सफल छात्र रसिक सिंह, प्रीतिका सिंह और महक को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय में कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 55 छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्रा जीवा देवी ने 75 जिलों के नाम सुनाकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया, वहीं छात्र अनिल कुमार ने देश की सभी राजधानियों के नाम बताकर खूब सराहना बटोरी। उपस्थित ग्रामीणों एवं अतिथियों ने विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सराहा। इस मौके पर एसआरजी राधेश्याम दीक्षित, जयचंद पांडेय, एआरजी प्रदीप सिंह, अजय सिंह (इंचार्ज अध्यापक), चचीडा, बृजेश सिंह, दिनेश सिंह, नीरज सहित अन्य शिक्षक व गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।







