KAUSHAMBI NEWS: होली का नाम सुनते ही बच्चों के मन में उत्साह और उमंग भर जाती है। रंगों का यह त्योहार बच्चों के लिए विशेष आनंद का अवसर होता है। इसी क्रम में मूरतगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय चरवा में विद्यालय समय के दौरान बच्चों ने शिक्षकों की मौजूदगी में होली का पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की शिक्षिका बबीता दीपांकर की अगुवाई में किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने शिक्षकों के साथ मिलकर रंग-गुलाल से होली खेली और उत्सव का आनंद लिया। विद्यालय परिसर में बच्चों ने संगीत की धुन पर नृत्य भी किया, जिससे पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। इस अवसर पर शिक्षिका ने बच्चों को इको फ्रेंडली होली मनाने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करना चाहिए और पानी की बर्बादी से बचना चाहिए, ताकि पर्यावरण सुरक्षित रह सके। अंत में सभी बच्चों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को गले मिलकर होली की बधाई दी और आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।







