SIDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ थाना क्षेत्र के घरुआर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने स्कूल के दफ्तर का ताला तोड़कर अंदर रखे सामानों की चोरी कर ली। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेश कुमार उपाध्याय ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 10 जुलाई 2025 की रात अज्ञात बदमाशों ने विद्यालय के कार्यालय का ताला तोड़ दिया। सुबह जब वह विद्यालय पहुँचे तो उन्हें चोरी का पता चला। जाँच करने पर पाया गया कि दफ्तर से कई वस्तुएँ गायब थीं।
चोरी गए सामानों की सूची में गैस सिलेंडर, कूकर, भगौना, थाली, गिलास, बर्तन, वेट मशीन, सफाई किट बैग और स्टील की बाल्टी जैसे महत्वपूर्ण सामान शामिल हैं। प्रधानाध्यापक ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ढेबरुआ गौरव सिंह ने बताया कि प्रधानाध्यापक द्वारा तहरीर मिली है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।







