मनमानी फीस पर रोक नहीं लगी तो होगा बड़ा आंदोलन: ज्ञानेन्द्र
FATEHPUR NEWS: निजी विद्यालयों द्वारा मनमानी फीस वसूली के विरोध में युवा विकास समिति के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिले के प्राइवेट स्कूल अभिभावकों से मनमाने ढंग से फीस वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि फीस जमा करने में देरी होने पर अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाता है, जबकि एडमिशन, ट्यूशन, विकास शुल्क समेत अन्य मदों में 15 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि प्रवेश के समय ही अभिभावकों से बिल्डिंग, खेल, पानी, बिजली, चिकित्सा और ट्यूशन फीस के नाम पर भारी भरकम रकम वसूली जाती है। इसके अलावा री-एडमिशन के नाम पर भी अलग से शुल्क लिया जा रहा है। कॉपी-किताब और ड्रेस की खरीद में भी अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, जिससे आम लोग परेशान हैं। ज्ञानेंद्र मिश्रा ने कहा कि कई विद्यालयों में केजी से कक्षा 8 तक 2500 से 3000 रुपये मासिक फीस ली जा रही है, जबकि उच्च कक्षाओं के लिए यह राशि 3000 से 5000 रुपये तक पहुंच जाती है। इसके अलावा कंप्यूटर, परिवहन, बिजली और अन्य शुल्कों के नाम पर अलग-अलग रकम वसूली जाती है। बिजली शुल्क 1500 से 2000 रुपये, आईटी चार्ज 600 रुपये और मेंटेनेंस के नाम पर 5000 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिले के दर्जनों निजी विद्यालयों पर किसी प्रकार का नियंत्रण नहीं है, जिससे संचालक अपनी मनमर्जी से फीस तय कर रहे हैं। यदि जल्द ही इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा और जिले भर के लोगों को जोड़कर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान संगठन प्रमुख संजय दत्त द्विवेदी, जिला अध्यक्ष कंचन मिश्रा, विकास श्रीवास्तव, आनंद अवस्थी, ऋषि बाजपेई, दीप कुमार, दिनेश, संदीप मिश्रा, गणेश तिवारी, आफताब सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







