Home उत्तर प्रदेश प्रयागराज में बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन का भव्य वार्षिक सम्मेलन, उत्कृष्ट शिक्षकों...

प्रयागराज में बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन का भव्य वार्षिक सम्मेलन, उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान

कौशांबी के 240 शिक्षक व 18 सेवानिवृत शिक्षक शिक्षा गौरव सम्मान से हुए सम्मानित

KAUSHAMBI NEWS: बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश का वार्षिक प्रांतीय सम्मेलन एवं उत्कृष्ट शिक्षक व सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह रविवार को प्रयागराज स्थित अखिल भारतीय सरदार पटेल सेवा संस्थान में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए शिक्षकों ने भाग लिया और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के एमएलसी डॉ मानसिंह एवं विशिष्ट अतिथि मेजा विधायक संदीप पटेल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों ने तालियों की गूंज के साथ अतिथियों का स्वागत किया।
शुभारंभ के बाद शिक्षिका श्रेया द्विवेदी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके उपरांत संगठन के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की उपलब्धियों व आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संगठन निरंतर सक्रिय है। सम्मेलन के दौरान शिक्षकों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर मंथन किया। कई शिक्षकों ने अपने-अपने नवाचारी शैक्षिक प्रयासों को प्रस्तुत करते हुए बताया कि किस प्रकार आधुनिक तकनीक, गतिविधि-आधारित शिक्षण और व्यवहारिक तरीकों से बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाया जा सकता है। इस पहल को उपस्थित शिक्षकों ने सराहा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह, कौशांबी जिला अध्यक्ष रवींद्र सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और आश्वस्त किया कि संगठन हर स्तर पर शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए तत्पर रहेगा। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी प्रयास तेज किए जाएंगे। मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि ने भी अपने संबोधन में शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने, शिक्षकों के सहयोग से बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से अतिथियों के माध्यम से 20 सेवानिवृत्त शिक्षकों व लगभग 500 शिक्षकों को “शिक्षा गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। इसमें करीब 250 शिक्षक कौशांबी जनपद के रहे, जिन्हें उत्कृष्ट सेवा व उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान के तहत प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र प्रदान किए गए। एक साथ बड़ी संख्या में शिक्षकों के सम्मानित होने से जनपद के शिक्षकों में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में संगठन के सदस्य नागेश सिंह ने भी शिक्षा में सुधार के लिए विभिन्न नवाचारों और डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर पुष्पराज सिंह, अवनीश यादव, कृष्णा सिंह, दिव्यरत्न यादव, रामू सिंह, मंदीप सिंह, कौशल कुमार, सत्यप्रकाश,अशोक त्रिपाठी, कमला सोनकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ।