प्रयागराज। मेरठ स्थित विद्या विश्वविद्यालय में 18 से 20 मार्च तक आयोजित राज्य स्तरीय जूडो बालक/बालिका प्रतियोगिता में प्रयागराज मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। टीम के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मुकाबले में हिस्सा लिया और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बेहतरीन प्रदर्शन कर दो स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन प्रयागराज मंडल के खिलाड़ियों ने तकनीक, संतुलन और संयम का परिचय देते हुए उत्कृष्ट खेल दिखाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से न केवल मंडल बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है।
खेल प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने खिलाड़ियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलता रहा तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। प्रयागराज मंडल की इस शानदार सफलता पर खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है और सभी खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं।
पदक विजेताओं की सूची
प्रतियोगिता में रश्मि साहू,अजीत कुशवाहा ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। जबकि अंशिका,सौरभ पटेल,प्रदीप कुमार ने रजत पदक हासिल किया। इसी तरह से साक्षी कुमारी
स्वाती यादव,रोशनी पटेल,अनुज कुमार,सचिन पटेल ने कांस्य पदक अर्जित कर जिले का मान बढ़ाया है।







