Home आस्था प्रयागराज कुम्भ  मेला सुरक्षा के मद्देनजर शंकरगढ़ सीमा पर चला सघन चेकिंग...

प्रयागराज कुम्भ  मेला सुरक्षा के मद्देनजर शंकरगढ़ सीमा पर चला सघन चेकिंग अभियान

कुंभ मेला एवं माघी पूर्णिमा के कारण बड़े वाहनों पर लगा प्रतिबन्ध
PRAYAGRAJ NEWS: कुम्भ मेला एवं माघी पूर्णिमा स्नान को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत शुक्रवार को थाना शंकरगढ़ क्षेत्र के टकटई सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत बॉर्डर पर बड़े वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। एसीपी बारा निकिता श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना शंकरगढ़ पुलिस द्वारा प्रत्येक वाहन की गहन जांच की गई। अभियान के तहत ओवरलोडेड ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक थाना शंकरगढ़ यशपाल सिंह ने बताया कि शनिवार को माघी पूर्णिमा के कारण बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पूर्णिमा स्नान के बाद रविवार को वाहनों को छोड़ा जाएगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है।