सुनील दत्त वर्ष 2015 बैच के सिपाही है और व्यस्त ड्यूटी के बावजूद भी उन्होंने हासिल की यह सफलता
BHADOHI NEWS: फतेहपुर जनपद में पुलिस विभाग तैनात प्रभा कंप्यूटर संस्थान, सुरियावां के संचालक संतोष प्रजापति के दामाद सुनील दत्त का चयन समीक्षा अधिकारी (सचिवालय) में हुआ है। सुनील दत्त की इस सफलता पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरियावां विनय चैरसिया ने उनके ससुर संतोष प्रजापति को बधाई दी। उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण उस समय आया जब पुलिस विभाग में तैनात सिपाही सुनील दत्त का चयन समीक्षा अधिकारी (सचिवालय) पद पर हुआ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जारी प्राविधिक चयन सूची में उनका नाम शामिल होने की खबर मिलते ही पुलिस विभाग, सहकर्मियों एवं उनके शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सुनील दत्त वर्ष 2015 बैच के सिपाही हैं और वर्तमान समय में पुलिस लाइन फतेहपुर में आईटीआई ड्यूटी पर तैनात हैं। सीमित समय और व्यस्त ड्यूटी के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा। लगातार मेहनत, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। यह सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सेवा में रहते हुए भी निरंतर अध्ययन और समर्पण से बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान नियमित रूप से समय निकालकर अध्ययन किया और प्रतियोगी परीक्षाओं की चुनौतियों का सामना करते हुए सफलता प्राप्त की। पुलिस सेवा जैसी जिम्मेदार ड्यूटी निभाते हुए इस स्तर की परीक्षा में चयन होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। उनकी इस सफलता से पुलिस विभाग के अन्य जवानों में भी नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ है। सहकर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि सुनील दत्त की उपलब्धि यह साबित करती है कि मेहनत और लगन के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती। उनके वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनपद पुलिस के लिए गौरव का विषय है और इससे अन्य पुलिसकर्मी भी शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित होंगे। परिवारजनों ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सुनील दत्त ने कठिन परिस्थितियों में भी पढ़ाई जारी रखी और आज उनकी मेहनत रंग लाई है। उनके मित्रों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर कृष्णा अवतार राही एडवोकेट, विजय शंकर राय, अशोक कुमार, संजय श्रीवास्तव, अमर बहादुर सिंह, राजेश, बड़ेलाल सरोज, कैलाश, राजू प्रजापति, अजय, मनोज प्रजाति, विपिन, राजेश प्रजापति आदि ने भी सुनील दत्त की इस सफलता पर बधाई दी।







