कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के निस्तारण पर दिया जोर
FATEHPUR NEWS: जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रविवार को गांधी सभागार में अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह ने की। इस दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने जनपद की वर्तमान अपराध स्थिति, कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा
गोष्ठी में प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को सुरक्षित माहौल देना प्रशासन और पुलिस की संयुक्त जिम्मेदारी है। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और कानून व्यवस्था से कोई समझौता न किया जाए। जनशिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गए कि थाना स्तर पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा हो, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए और अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और संगठित अपराधों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। अपराध समीक्षा गोष्ठी में भाजपा जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को भी बैठक में रखा। गोष्ठी के अंत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के आपसी समन्वय से ही कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए ईमानदारी से कार्य करने का निर्देश दिया।







