Home उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

परंपरागत शिल्प से होगा देश का नवनिर्माण
JHANSI NEWS:  परंपरागत कारीगरों एवं शिल्पकारों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एमएसएमई विकास कार्यालय कानपुर द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), झांसी में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योजना से जुड़ी जानकारी, प्रशिक्षण, ऋण सुविधा, टूलकिट सहायता एवं डिजिटल लेनदेन प्रोत्साहन के संबंध में लाभार्थियों को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटीआई झांसी के प्राचार्य एस.के. श्रीवास्तव ने की। उन्होंने कहा कि पारंपरिक शिल्पकार देश की आर्थिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं। यदि उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण और वित्तीय सहयोग मिले तो वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। एमएसएमई कानपुर से पधारे सहायक निदेशक के.पी. शील ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पात्र कारीगरों को प्रशिक्षण के साथ प्रमाणन, आसान ऋण सुविधा एवं आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। युवा प्रोफेशनल रजत कटियार ने डिजिटल पंजीकरण प्रक्रिया एवं ऑनलाइन आवेदन की जानकारी दी। पीपीएमयू झांसी से विशाल सिंह (एनएसडीसी डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर, झांसी) ने लाभार्थियों को कौशल उन्नयन एवं प्रशिक्षण मॉड्यूल के बारे में विस्तार से बताया। वहीं प्रोबेशनिंग ऑफिसर माजिद खान ने बैंकिंग प्रक्रिया एवं ऋण स्वीकृति संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए। राजकीय महिला आईटीआई झांसी के प्राचार्य  रमेश चंद्र ने महिला शिल्पकारों की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। यूपी एसओएम झांसी के जिला अधिकारी अकरम खान ने कहा कि योजना के माध्यम से स्थानीय कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाकर रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पारंपरिक कारीगर, प्रशिक्षु एवं योजना के संभावित लाभार्थी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि “परंपरागत शिल्प से ही देश का नवनिर्माण संभव है” और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।