PRATAPGARH NEWS: जिले का एक युवक हरियाणा में फर्जी अफसर बन बैठा। युवक का नाम जय प्रकाश पाठक है। वह विकास खंड आसपुर देवसरा के रघईपुर गांव का रहने वाला है। हरियणा में फर्जी अफसर बनकर वह लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देता और ठगी करता। उत्तर प्रदेश में भी उसके खिलाफ ठगी के कई मामले दर्ज होना बताया जा रहा है। जय प्रकाश पाठक लाल-नीली बत्ती और हूटर वाली कार से चलता था। महंगे मोबाइल फोन और बड़ी-बड़ी बातों से ऐसा रौब जमाता था कि लोग झांसे में आ जाते थे।
पुलिस तब हैरान रह गई, जब पता चला कि फर्जी अफसर बनकर घूमने वाला जयप्रकाश पाठक सिर्फ 12वीं पास है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पाठक का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उत्तर प्रदेश में उसके खिलाफ इसी तरह की धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।
उसके पास से एक नकली आर्म्स लाइसेंस और भारत सरकार लिखी हुई गाड़ी मिली है। वह गुड़गांव के पालम विहार थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। 8 अगस्त की रात पुलिस ने छापेमारी कर उसे धर दबोचा। पूछताछ के दौरान पाठक ने कबूल किया कि वह गृह मंत्रालय का आईएएस अफसर बनकर लोगों को ठग रहा था। इन पैसों का इस्तेमाल वह अपने और अपने परिवार के खर्चों को पूरा करने के लिए करता था।
नौकरी दिलाने का देता था लालच
गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, जय प्रकाश पाठक के पास से दो पहचान पत्र, एक फर्जी आर्म्स लाइसेंस, एक आयुष्मान भारत कार्ड, 6 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 1 वॉकी-टॉकी सेट, 2 मोहरें, 2.50 लाख रुपये नकद, एक कार और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने ठग को 9 अगस्त को अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।







