Home उत्तर प्रदेश पौसला चौराहे पर युवक व मां पर जानलेवा हमला, दबंगों ने लाठी-डंडों...

पौसला चौराहे पर युवक व मां पर जानलेवा हमला, दबंगों ने लाठी-डंडों व पत्थरों से किया घायल

PRAYAGRAJ NEWS: यमुनापार के कोरांव तहसील अंतर्गत खीरी थाना क्षेत्र के ग्राम टोंगा के पौसला चौराहे पर मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे एक युवक और उसकी मां पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, टोंगा कला निवासी बुलबुल (45) पुत्र कल्लू खान अपनी मां सवाना बेगम के साथ इलाज कराने के लिए पौसला चौराहे आए थे। वापस घर लौटते समय सहज जन सेवा केंद्र के सामने पहले से घात लगाए 5 से 7 हमलावरों ने दोनों पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे बुलबुल का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी मां को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश चंद्र मिश्रा ने डायल 112 और थाना खीरी पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव पहुंचाया गया।सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, हमले में कुंडवा उर्फ ऊंच गांव निवासी तस्वीर पुत्र फजीहत और बहार पुत्र फजीहत सहित अन्य अज्ञात लोग शामिल बताए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।